देहरादून में रात 10 बजे बाद ‘कर्फ्यू’: छात्रों को पुलिस की चेतावनी- बेवजह बाहर न घूमें, होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून। प्रेम नगर हत्याकांड के बाद प्रेम नगर और सेलाकुइ पुलिस ने शिक्षण संस्थानों और हास्टल व पीजी वालों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि रात 10 बजे के बाद छात्र बेवजह बाहर घूमते नजर न आएं। राजधानी के शिक्षण संस्थानों और हास्टलों में छात्रों के बीच बढ़ती गुटबाजी व आपराधिक प्रवृत्तियों को रोकने के लिए दून पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

शहर में मंगलवार रात बेवजह घूम रहे 116 संदिग्धों को थाने लाकर पूछताछ की गई और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने कालेज प्रबंधनों और हास्टल व पीजी संचालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

संस्थान और संचालक भी माने जाएंगे जिम्मेदार

चेतावनी दी गई है कि यदि छात्र कानून-व्यवस्था बिगाड़ते हैं, तो इसके लिए संबंधित संस्थान और संचालक भी जिम्मेदार माने जाएंगे। बुधवार को थाना सेलाकुई और प्रेमनगर पुलिस ने क्षेत्र के माया और ईकफाई यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। साथ ही हास्टल संचालकों के साथ बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए। पुलिस ने सभी प्रबंधकों को अपने यहां अध्ययनरत और निवास करने वाले प्रत्येक छात्र का पूरा डाटा संकलित कर तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

एसएसपी ने कहा कि हास्टल और पीजी संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि रात 10 बजे के बाद कोई भी छात्र परिसर से बाहर न निकले।यदि कोई छात्र रात में अनावश्यक रूप से बाहर घूमता या संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया तो छात्र के साथ-साथ हास्टल संचालक और कालेज प्रबंधन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *