Dehradun
कार में गाना बजाने पर दो महीने पहले युवकों के गुटों में विवाद हुआ था। गाने के शोर में छात्र दिव्यांशु की आवाज हमेशा के लिए दब गई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के गानों से बढ़ी वर्चस्व की लड़ाई ने दिव्यांशु को हमेशा के लिए शांत कर दिया। विवाद करीब दो महीने पहले शुरू हुआ था जब दिव्यांशु के दोस्तों ने विवि के गेट के सामने कार में छोरा जाट्टा का गाना बजा दिया था
बिहार निवासी आरोपी छात्रों के गुट ने इसे चुनौती के रूप में लिया और कई बार मारपीट की। सोमवार को यह कहानी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छात्र दिव्यांशु की मौत पर आकर खत्म हो गई। जानकारी के मुताबिक दिव्यांशु प्रेम नगर क्षेत्र स्थित एक निजी विवि के बीटेक सीएस द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वे अपने दोस्तों के साथ पौंदा स्थित हॉस्टल में रहते थे। पूर्व में गाने से उपजे विवाद के बाद दूसरे गुट के युवक उसकी रेकी कर रहे थे।
सोमवार रात जब दिव्यांशु प्रेम नगर बाजार में खाना खाने गया तो आरोपी युवक भी वहां पहुंच गए। चश्मदीदों के अनुसार युवकों ने कहा कि तुम अपने समूह के लोगों को ज्यादा ताकतवर समझते हो, अपनी औकात में रहो। यहां रहना है तो हमसे दबकर रहना होगा। दिव्यांशु ने जैसे ही इसका विरोध, युवकों ने तुरंत हमला कर दिया। इसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
दिव्यांशु को 15 आरोपी भरे बाजार पीटते रहे, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। लोग तमाशबीन बनकर देखते रहे। आरोपियों के हाथ में फावड़ा और लाठी-डंडे थे। बाद में एक दंपत्ति ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इससे इंसानियत भी शर्मसार हुई है।