देहरादून: चिकित्सक ने सर्जन पति व सास-ससुर पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप

देहरादून। दून अस्पताल में तैनात एक महिला चिकित्सक ने सर्जन पति सहित सास व ससुर के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस को दी शिकायत में चिकित्सक डा. आसना पंत ने बताया कि उन्होंने हल्द्वानी के गर्वमेंट मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी मुलाकात डा. प्रशांत ओली से हुई।

इंटर्नशिप समाप्त होने के बाद उनकी तैनाती रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में हो गई और फिर बीडी पांडेय अस्पताल, नैनीताल में तबादला हो गया। इस दौरान वह अपनी सहेली के साथ पीजी में रहने लगीं और डा. प्रशांत से मुलाकात बढ़ने लगी।

चिकित्सक ने बताया कि डा. प्रशांत के पिता प्रदीप ओली को यह बात पता चली तो वह कई बार बिना बताए उनके पीजी में आ जाते थे।

जब इसका जिक्र उन्होंने डा. प्रशांत से किया तो उन्होंने आश्वास्त किया कि वह अपने पिता को समझा देंगे। एमबीबीएस पूर्ण होने के बाद उनका चयन दून मेडिकल कालेज में हो गया।

22 फरवरी 2023 को उनकी शादी डा. प्रशांत से हो गई। शादी के बाद से ही उनकी सास हंसलता ओली ने दुर्व्यहार करना शुरू कर दिया और दहेज की डिमांड करने लगे। मजबूरन उनके पिता ने 10 लाख रुपये का चेक डा. प्रशांत को दिए।

तीन मार्च 2025 को आपरेशन से उनकी डिलीवरी हुई। 25 मई 2025 को वह बच्चे को लेकर डा. प्रशांत के साथ देहरादून आ गईं।

19 अगस्त 2025 को उनके पति डा. प्रशांत ओली ने उनके साथ मारपीट की। यह घटना उनकी मां के सामने हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके स्वजन ने डा. प्रशांत व उनके परिवार को समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माने।

शहर कोतवाल हरिओम चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर डा. प्रशांत ओली निवासी कालाढूंगी रोड हल्द्वानी नैनीताल, उनके पिता प्रदीप औली व माता हंसलता औली के विरुद्ध मु़कदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *