रोजा तोड़कर जवान ने बचाई जान : दून पुलिस के इमरान अली ने किया रक्तदान

देहरादून। मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। उत्तराखंड पुलिस के एक जवान ने रमजान के पवित्र महीने में जरूरतमंद की जान बचाने के लिए अपना रोजा तोड़कर रक्तदान किया।

23 फरवरी को पुलिस लाइन देहरादून में तैनात हेड कांस्टेबल इमरान अली को वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि उत्तरकाशी निवासी एक व्यक्ति की पत्नी हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता है।

उस समय इमरान अली रोजे पर थे, लेकिन सूचना मिलते ही उन्होंने बिना देर किए अस्पताल पहुंचने का निर्णय लिया।

अस्पताल पहुंचकर उन्होंने मानवता को प्राथमिकता देते हुए अपना रोजा तोड़ा और जरूरतमंद महिला को रक्तदान किया। समय पर रक्त उपलब्ध होने से उपचार में मदद मिली और परिजनों ने राहत की सांस ली।

महिला के परिजनों ने इस संवेदनशील कदम के लिए दून पुलिस और हेड कांस्टेबल इमरान अली का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील और जिम्मेदार इंसान भी होता है, जो हर परिस्थिति में मानवता को सर्वोपरि रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *