देहरादून में 21 साल के बी-फार्मा के छात्र की रहस्यमयी मौत, पीजी के कमरे में अचानक हुआ था बेहोश

देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को उसके दोस्त उपचार के लिए मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना राजपुर पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक को उसके साथी इलाज के लिए मैक्स अस्पताल लाए हैं, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल अस्पताल पहुंची और मृतक के साथ मौजूद युवकों से पूछताछ की।

मृतक की पहचान राहुल राज (21 वर्ष) हाल निवासी जोहड़ी रोड, राजपुर देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छपरा, गुदरी बाजार, जनपद सारण (बिहार) का रहने वाला था। राहुल राज सहसपुर स्थित जीबीआईटी कॉलेज में बी-फार्मा द्वितीय वर्ष का छात्र था और पिछले करीब दो माह से कॉलेज से निलंबित चल रहा था।

इस दौरान वह अपने दोस्तों के साथ जोहड़ी रोड स्थित एक पीजी में रह रहा था। मृतक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि बुधवार दिन के समय राहुल अचानक बेहोश हो गया। घबराकर वे उसे तत्काल मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

साथियों के अनुसार राहुल नशे का आदी था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव का पंचायतनामा भरने सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *