Dehradun पास चौक पर एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। रेड सिग्नल होने पर महिला चौक क्रास करने लगी, इसी दौरान ग्रीन सिग्नल होने पर ट्रक चालक ने स्पीड बढ़ाई तो महिला ट्रक की चपेट में आ गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
आरोपित चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है व चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्वजन की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
बंसल होम निवासी मुर्शिदुल निशां (55 वर्ष) किसी काम से माजरा गई हुई थीं। शाम को वह विक्रम से शिमला बाईपास चौक पहुंचीं और वहां से उन्होंने शिमला बाईपास रोड की तरफ जाना था।
रेड लाइट होने पर वह चौक क्रास करने लगीं, इसी दौरान ग्रीन सिग्नल हो गया। चौक पर खड़े ट्रक चालक ने भी शिमला बाईपास की तरफ जाना था तो ग्रीन सिग्नल होने पर उसने भी ट्रक आगे बढ़ा दिया।
चालक ने पैदल जा रही महिला को नहीं देखा और बायीं साइड से महिला को टक्कर मार दी। इस पर महिला सड़क पर गिर गई और पीछे वाले टायर की चपेट में आ गईं।
गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहां पर लोग जुटे तो आरोपित चालक फरार हो गया।
चौकी प्रभारी आइएसबीटी आशीष कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। आरोपित चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
28 जुलाई को भी इसी चौक पर हुआ था हादसा
28 जुलाई 2025 को भी शिमला बाईपास चौक पर तेज रफ्तार निजी बस ने बाबा फरीद इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी की छात्रा को कुचल दिया था।
जिससे छात्रा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। सहारनपुर की रहने वाली लाइबानो कुछ समय पहले ही पढ़ने के लिए देहरादून आई थी।
वह टर्नर रोड पर अपनी सहेली के साथ किराये के कमरे में रहती थी। वह शिमला बाईपास की तरफ से आ रही थी। फ्लाईओवर से पहले ब्रेकर पर उसने स्कूटी की रफ्तार धीमी की तो पीछे से आ रहे चालक ने बस लाइबानो के ऊपर चढ़ा दी।