कैंसर के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, उत्तराखंड के इस जिले में जल्द शुरू होगा सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल

देहरादून। प्रदेश के कैंसर मरीजों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। हर्रावला स्थित शकुंतला रानी सरदारी लाल ओबेराय मैटरनिटी एवं कैंसर चिकित्सालय का संचालन शीघ्र शुरू होगा। बुधवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नवनिर्मित अस्पताल का निरीक्षण कर भवन, चिकित्सा सुविधाओं और संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि इस अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर के सुपर स्पेशलिटी कैंसर अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कैंसर से संबंधित सभी जांच और उपचार सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सके।

मुख्य सचिव ने अस्पताल परिसर के आसपास डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवासीय भवनों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी स्टाफ की तैनाती और सुविधाजनक आवास व्यवस्था से अस्पताल का संचालन अधिक प्रभावी होगा।

उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को अस्पताल में आवश्यक मशीनों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभागीय कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बता दें कि वर्ष 2020 में इस सुपर स्पेशलिटी कैंसर अस्पताल का शिलान्यास किया गया था।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार के वित्तीय सहयोग से निर्मित 300 बेड का यह अस्पताल बनकर तैयार है। अस्पताल के शुरू होने से प्रदेश के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। यहां विशेषज्ञ परामर्श के साथ जांच, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और उच्च स्तरीय सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *