देहरादून। उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तेज धूप खिलने से दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बरकरार है।
लगातार तीसरे दिन प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया। चारधाम, हेमकुंड साहिब, औली सहित कई प्रमुख चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम अपडेट:
रुद्रपुर में कोहरा छाया हुआ है।
चंपावत में मौसम साफ है। धूप खिली।
बागेश्वर में धूप खिली है।
अल्मोड़ा में सर्द हवा संग मध्यम धून खिली है। आसपास क्षेत्रों में कोहरा छाया है।
पिथौरागढ़ में धूप खिली।
नैनीताल में मौसम साफ, धूप खिली।
रात को भी पारे में मामूली गिरावट
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों बुधवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। जिससे दोपहर में गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि, शाम को धूप ढलने के बाद हवा चलने से ठंडक लौट आई। रात को भी पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में जहां हिमपात से ठंड बढ़ गई है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता प्रभावित हो रही है। इससे सुबह के समय यातायात पर भी असर पड़ रहा है।