देहरादून। पौड़ी गढ़वाल जिले के प्रवेश द्वार कोटद्वार में दुकान का नाम ‘बाबा’ रखने को लेकर हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस के प्रदर्शन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस मुद्दे को तूल देने पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस संबंध में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि नाम श्रद्धा से बदले हो तो दीपक भी बनो। ‘बाबा’ नाम पर किसी को कोई आपत्ति नहीं हो सकती, लेकिन नाम बदलकर षड्यंत्र नहीं होना चाहिए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नफरत की दुकान चलाते हैं। ऐसे मामलों को जानबूझकर प्रेरित करना उनकी नकारात्मक राजनीति का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, किसी भी घटना की सही जानकारी लिए बगैर उसे जानबूझकर तूल देने के लिए उछालते हैं। यह निंदनीय है।
कब क्या-क्या हुआ
कोटद्वार में एक दुकान का नाम ‘बाबा’ रखे जाने को लेकर 28 जनवरी को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं व दुकान स्वामी वकील अहमद के बीच विवाद हो गया था।
वकील अहमद ने अपने परिचित जिम संचालक दीपक कुमार को बुला लिया। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की जिम संचालक दीपक कुमार से तीखी बहस हुई।
शनिवार को बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दुकान का नाम बदलने की मांग को लेकर जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। इस बीच दीपक कुमार के साथ फिर से बजरंग दल की बहस हुई।
रविवार को इस मामले में पुलिस ने दुकान स्वामी वकील अहमद और बजरंग दल की ओर से कमलपाल की शिकायत पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर ली।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्षराहुल गांधी ने अपनी एक्स की पोस्ट में दीपक को मोहब्बत का प्रतीक बताते हुए लिखा कि हम तुम्हारे साथ हैं भाई, डरो मत, तुम बब्बर शेर हो।