देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क है और चटख धूप पसीने छुड़ा रही है। जिससे मैदानी क्षेत्रों में पारा चढ़ने लगा है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बादल मंडरा रहे हैं और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बेहद हल्की वर्षा हो सकती है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है, चटख धूप खिलने से तापमान में इजाफा होने की संभावना है। अगले कुछ दिन प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि संभव है।
मौसम शुष्क और चटख धूप
दून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार को सुबह से ही मौसम शुष्क रहा और चटख धूप खिली। जिससे पारा चढ़ने के साथ ही गर्मी ने बेहाल किया। हालांकि, दोपहर बाद कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराते रहे, लेकिन, कहीं भी बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, दून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने के साथ ही पारे में वृद्धि होने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। दून में इसी सप्ताह पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छूने का पूर्वानुमान है।