देहरादून। 26 जनवरी को शराब की दुकानें बंद होने पर चोर मदिरा की दुकान के ताले तोड़कर वहां से शराब की पेटी चोरी कर ली। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित सुरेश सिंह निवासी आनंद विहार निकट टचवुड स्कूल सहस्त्रधारा रोड को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित के पास से ब्लेंडर प्राइड व रायल स्टेग की 13 शराब की बोतलें बरामद की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को दिनेश मल्होत्रा निवासी कुल्हान सहस्त्रधारा रोड ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी विदेशी मदिरा की दुकान कुल्हानगांव में है।
बुधवार प्रात: उन्होंने दुकान में जाकर देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे। इस मामले में तत्काल राजपुर थाने को सूचना दी गई। सीसीटीवी में चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसता हुआ और दुकान से शराब की बोतलें निकालते हुए दिख रहा है। चोर दुकान से कुछ नकद धनराशि भी ले गया। इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।सीसीटीवी कैमरों के आधार पर थानाध्यक्ष राजपुर प्रदीप रावत व उनकी टीम ने आरोपित सुरेश सिंह आईटी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।उसके पास से चोरी की गई शराब की बोतलें बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपित नशे का आदि है और नशे की पूर्ति के लिए उसने शराब की बोतलें चोरी की।