देहरादून। लंबी लाइनों और कागजी कार्रवाई से छुटकारा पाने के लिए राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में सभी पर्चा काउंटर पर स्कैन एंड शेयर से पंजीकरण शुरू कर दिया है। मंगलवार को पहले दिन कर्मचारियों व लोगों को इस प्रक्रिया को समझने में थोड़ा वक्त लगा जिससे काउंटर पर दोपहर तक लंबी लाइन लगी रही। हालांकि इस सुविधा से लोगों आनलाइन पर्चा बनाकर लाइन में ज्यादा देर तक नहीं लगना पड़ेगा।
अस्पताल की ओपीडी की बात करें तो यहां दो हजार से 2200 तक ओपीडी रहती है। अस्पताल में मरीजों का विवरण आनलाइन उपलब्ध रहे, इसके लिए आभा आइडी बनाई जा रही है। मंगलवार को काउंटर पर पर्चा बनाने आए 500 लोगों ने स्कैन एंड शेयर के माध्यम से आनलाइन पर्चा बनाए।
अब तक अस्पताल में आभा आइडी का एक ही काउंटर था। लेकिन, अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल में बार-बार पर्चा बनाने और अपने रिकार्ड लाने से मुक्त करने के लिए सभी काउंटर पर स्कैन एंड शेयर को लागू कर दिया है। सुबह से ओपीडी में सभी सात काउंटर, प्रथम तल व तृतीय तल के एक-एक काउंटर पर भी मरीजों की आइडी से जनरेट की गई। जिसमें मरीज की सभी जांच रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन और इलाज की जानकारी इसमें सुरक्षित रहेगी।
चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस बिष्ट ने बताया कि एक बार आइडी बन जाएगी तो मरीजों को इलाज का पूरा विवरण उस पर दर्ज होगा। जब भी मरीज किसी भी सरकारी अस्पताल में इलाज कराने जाएंगे तो उन्हें केवल अपनी आइडी नंबर बतानी होगी। इससे इलाज का विवरण उपलब्ध हो जाएगा। आइडी बनाने में केवल आधारकार्ड व पंजीकृत मोबाइल नंबर जरूरी है।