राजपुर में 16 साल के किशोर की हुई संदिग्ध मौत, सुबह चाय पीकर दोबारा सोया, फिर उठा ही नहीं

देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के मकड़ेती गांव में रविवार को 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर सुबह चाय पीने के बाद दोबारा सोने गया था, लेकिन फिर उठा ही नहीं।

मकड़ेती गांव निवासी मनोज कुमार का 16 वर्षीय बेटा मयंक रविवार सुबह सामान्य रूप से उठा था। राजपुर थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप रावत के अनुसार, मयंक ने सुबह उठकर परिवार के साथ चाय पी। इसके कुछ समय बाद उसे दोबारा नींद महसूस हुई और वह अपने कमरे में जाकर सो गया।

कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को हुई चिंता

काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसे आवाज लगाई और जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घबराए परिजन मयंक को अचेत अवस्था में तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर प्रदीप रावत ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *