देहरादून में उल्लास और सुरक्षा के बीच हुआ New Year का वेलकम, पहली बार उत्तराखंड डीजीपी पहुंचे घंटाघर

देहरादून। राजधानी देहरादून में नववर्ष का आगमन पूरे उत्साह, उल्लास और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। नववर्ष की पूर्व संध्या पर पहली बार पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ स्वयं घंटाघर पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ केक काटकर नए साल का स्वागत किया। इस दौरान एसएसपी अजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

रात जैसे ही घड़ी की सुइयां बारह पर पहुंचीं, दूनवासी और पर्यटक सड़कों पर उमड़ पड़े। शहर के विभिन्न हिस्सों में आतिशबाजी, डीजे की धुन और बधाइयों के आदान-प्रदान के साथ नए साल का स्वागत किया गया। हालांकि इस बार घंटाघर क्षेत्र में सामान्य की तुलना में भीड़ कुछ कम नजर आई, लेकिन लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। नववर्ष के जश्न के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

पुलिस फोर्स हर चौराहे, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ शांति व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। शहर के होटल, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट्स में देर रात तक पार्टियां चलती रहीं।

जश्न समाप्त होने के बाद पुलिस ने सभी आयोजन स्थलों से लोगों को सुरक्षित रूप से उनके घरों और ठहरने के स्थानों तक भेजा। देर रात तक शहर में चहल-पहल बनी रही, लेकिन कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *